भारतीय डाक विभाग द्वारा आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रधान डाकघर सिवनी के आधार सेवा केन्द्र को अब रविवार को भी संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में अधीक्षक डाकघर, बालाघाट संभाग, बालाघाट द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि नागरिकों की आवश्यकताओं को देखते हुए यह सुविधा प्रारंभ की जा रही है।प्रधान डाकघर सिवनी स्थित आधार सेवा केन्द्र प्रत्येक रविवार को प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक खुला रहेगा। इस दौरान नागरिकों के आधार कार्ड से संबंधित नामांकन एवं अद्यतन का कार्य किया जाएगा। रविवार को आधार केन्द्र संचालित होने से नौकरीपेशा, व्यवसायी एवं अन्य व्यस्त नागरिकों को अपने अवकाश के दिन आधार संबंधी कार्य कराने की सुविधा मिल सकेगी।डाक विभाग की इस व्यवस्था से उन नागरिकों को विशेष लाभ होगा, जिन्हें कार्यदिवसों में समय के अभाव के कारण आधार संबंधी कार्य कराने में कठिनाई होती है। नागरिक निर्धारित समय में प्रधान डाकघर सिवनी पहुंचकर उपलब्ध आधार सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।अधीक्षक डाकघर बालाघाट संभाग द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।अधिक जानकारी के लिए कार्यालय अधीक्षक बालाघाट (म.प्र.) संभाग के दूरभाष 07632-247574 या ई-मेल: dobalaghat.mp@indiapost.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।
सिवनी16 नवंबर
अब रविवार को भी खुलेगा प्रधान डाकघर सिवनी का आधार सेवा केन्द्र
चौक लाइव डेस्क · 16 नवंबर 2026 · 2 मिनट