विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने गोपाल गोशाला खुलरी में आयोजित विधानसभा स्तरीय गोवर्धन पूजन एवं गौ पूजन कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने विधि-विधान से गोवर्धन पर्वत एवं गौ माता का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में विधायक श्री पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर मध्यप्रदेश शासन द्वारा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चयनित वृंदावन ग्रामों में आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। विधानसभा क्षेत्र तेंदूखेड़ा के चयनित वृंदावन ग्राम भौरझिर में आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्री विनोद कौरव को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले श्री रजनीश कौरव को 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले श्री शिवराज कौरव को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री पटेल ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, ग्रामीण जीवन और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं। गौवंश का संरक्षण एवं संवर्धन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और किसानों एवं पशुपालकों की आय बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रदेश सरकार दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने और पशुपालकों को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। वृंदावन ग्रामों में दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता का आयोजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे पशुपालकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और दुग्ध उत्पादन को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री धनंजय पटेल, श्री गिरधारीलाल वर्मा, श्री ठाकुरपाल राजपूत, श्री सुदर्शन पेठिया, श्री मनमोहन दुबे, श्री यशवंत सिंह जूदेव, श्री ऋषि पचौरी, श्री राजेंद्र पटेल, श्री प्रताप कौरव, श्री अखिलेश शर्मा, श्री लक्ष्मण रघुवंशी, श्री भोजराज जाटव, श्री कमलेश रघुवंशी, श्रीमती लक्ष्मी बाई जाटव, श्री सुखराम ठाकुर, श्री रामकुमार कौरव, श्री नीलेश दुबे, श्री नीर पेठिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
