युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, इनोवेशन एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में जिला रोजगार कार्यालय इंदौर द्वारा आगामी 02 नवम्बर 2026 ( सोमवार) को एक दिवसीय “ युवा संगम ” रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के पास पोलोग्राउंड में प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किया जाएगा। मेले में युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने हेतु ऋण प्रक्रिया एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

उप संचालक रोजगार श्री पी.एस. मंडलोई ने बताया कि मेले में कई प्रतिष्ठित कंपनियाँ भाग लेंगी। जिसमें टैलेंटारा, जस्ट डायल, शिफाली बिजनेस सोल्यूशन, मोजेक वर्क स्किल, मेड प्लस आदि के 250 से अधिक रिक्त पदों के प्रारंभिक चयन हेतु उपस्थित रहेंगे। इन संस्थाओं में कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, एचआर एग्जीक्यूटिव, बैक ऑफिस एग्जीक्यूटिव, एचआर रिक्रूटर, सिलाई, ऑपरेटर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, प्रोडक्शन इंजीनियर, आकाउंट एग्जीक्यूटिव, फेक्ट्री हेल्पर, सर्विस एसोसिएट, फिल्ड बिनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव, फिल्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव, वेयरहाउस एसोसिएट, वेयरहाउस ऑडिटर, डिस्पैच, हाउसकीपिंग, सिक्योरिटी, आदि के विभिन्न पदों हेतु आकर्षक वेतन पर रोजगार प्रदान करने हेतु कम्पनियों के प्रतिनिधि द्वारा आवेदकों के साक्षात्कार लेकर प्रारम्भिक रूप से चयन करेंगे।

उक्त रोजगार मेले में 18 से 35 वर्ष तक के ऐसे आवेदक भाग ले सकते हैं, जिनकी शैक्षणिक योग्यता 8 वीं से लेकर स्नातकोत्तर, आईटीआई एवं डिप्लोमा है। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा, आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियाँ साथ लाने की अपील की गई है। जिला रोजगार कार्यालय ने युवाओं से युवा संगम कार्यक्रम का लाभ उठाने के लिए आग्रह किया है।