दीपावली पर्व के दौरान आतिशबाजी की दुकानों के संचालन के लिए इंदौर जिले में अस्थाई पटाखा दुकानों के स्थल निर्धारित किए गए हैं। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री शिवम वर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) निर्धारित स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पानी तथा अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करेंगे।

निर्धारित स्थलों में नूतन स्कूल/चिमनबाग मैदान, हार्डिया कम्पाउंड, पालदा नाका, राऊ क्षेत्र में सिलिकॉन सिटी रोड एवं एबी रोड के आसपास के स्थल, दशहरा मैदान, आईडीए की भूमि ग्राम नैनोद, मालवा मिल क्षेत्र की अनाज मंडी, एमआर-10 चौराहा, संयोगितागंज स्कूल ग्राउंड, ग्राम लिम्बोदी, तेजाजी नगर, ग्राम कैलोद करताल, स्कीम-140, कनाड़िया तथा बंगाली चौराहे के आसपास के स्थल शामिल हैं। इसके अलावा विजय नगर, लसूड़िया क्षेत्र एवं अन्य निर्धारित स्थानों पर भी दुकानों के लिए स्थल चिह्नित किए गए हैं। दुकानों का अंतिम आवंटन संबंधित एसडीएम द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।

आदेश के अनुसार एक मैदान में 50 से अधिक अस्थाई लाइसेंस जारी नहीं किए जाएंगे। संबंधित एसडीएम यह सुनिश्चित करेंगे कि पटाखा दुकानें निर्धारित स्थानों पर ही लगें और सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन हो। प्रत्येक लाइसेंसधारी की फोटो सत्यापित कर लाइसेंस पर लगाई जाएगी तथा दुकानों का नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा। गत वर्ष ब्लैकलिस्ट किए गए लाइसेंसधारियों को इस वर्ष लाइसेंस जारी नहीं किए जाएंगे।

आतिशबाजी के भंडारण एवं विक्रय के लिए विस्फोटक नियम, 2008 के प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य रहेगा। दुकानों में निर्धारित सीमा से अधिक आतिशबाजी रखने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

देवउठनी ग्यारस के अवसर पर एक दिन के लिए अस्थाई अनुज्ञप्ति दी जा सकती है। यह सुविधा पूर्व में लाइसेंस प्राप्त व्यक्तियों को ही निर्धारित शर्तों के अनुसार 20 नवंबर 2026 के लिए उपलब्ध होगी। कार्बाइड गन का विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।