मध्यप्रदेश में गौपालन करने वाले गोपालकों के लिये गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना शुरू की गई है। इंदौर संभाग के संयुक्त संचालक पशु पालन एवं डेयरी डॉ. मनीष इंगोले ने बताया कि इस प्रतियोगिता के तहत भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गायों के लिए संभाग में 8 जिलों के कुल 32 वृंदावन ग्रामों में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना क्रियान्वित की जानी है। इस योजना का उद्देश्य प्रत्येक वृंदावन ग्राम में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ अधिक दूध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही पशुपालकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। उन्होंने बताया कि पुरस्कार राशि के माध्यम से उन्नत देशी नस्ल की गाय पालन को प्रोत्साहन मिलेगा।

संयुक्त संचालक डॉ. इंगोले ने बताया कि इस प्रतियोगिता में वृंदावन ग्रामों के पशुपालकों की देशी नस्ल की गायों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक गाय के पशुपालक को प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रूपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रूपये एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रूपये प्रदाय किए जायेंगे। वृंदावन ग्रामों के ऐसे पशुपालक जिनके पास भारतीय उन्नत नस्ल गिर, साहिवाल, थारपारकर और मालवी नस्ल की दुधारू गाय है, जिसका दुग्ध उत्पादन 6 लीटर प्रतिदिन अथवा उससे अधिक है, वे पशुपालक आवेदन के पात्र होंगे। यह प्रतियोगिता 27 से 31 अक्टूबर के बीच आयोजित की जाएगी। इसके लिए आवेदन फार्म विकासखण्ड मुख्यालय पर स्थित पशु चिकित्सालय से प्राप्त किए जा सकेंगे।