मुसाखेड़ी चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते यातायात के सुगम संचालन एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री शिवम वर्मा ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, फ्लाईओवर निर्माण कार्य पूर्ण होने तक तीन ईमली चौराहे से मुसाखेड़ी होते हुए पिपल्याहाना चौराहे तक तथा पिपल्याहाना चौराहे से मुसाखेड़ी होते हुए तीन ईमली चौराहे तक अंतरराज्यीय बसों (ऑल इंडिया परमिट) का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
यह प्रतिबंध प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक प्रभावशील रहेगा। प्रतिबंधित मार्ग के स्थान पर बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। तीन ईमली चौराहे से पिपल्याहाना की ओर जाने वाली बसें पालदा, देवगुराड़िया एवं बिचौली होते हुए पिपल्याहाना पहुंचेंगी। इसी प्रकार पिपल्याहाना से तीन ईमली चौराहे की ओर आने वाली बसें बिचौली, देवगुराड़िया एवं पालदा होते हुए निर्धारित मार्ग से आवागमन करेंगी।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने यह आदेश आम नागरिकों की सुविधा, यातायात के दबाव को कम करने तथा दुर्घटनाओं की आशंका को रोकने के उद्देश्य से जारी किया है। यह आदेश एक माह तक प्रभावशील रहेगा।