जन विश्वास अभियान के अंतर्गत श्रम विभाग द्वारा सांवेर क्षेत्र के ग्राम भोरासला में अरविंदो हॉस्पिटल के सामने निर्माणाधीन आवासीय एवं वाणिज्यिक परियोजना स्थल पर कार्यरत श्रमिकों के लिए पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित करना था।

शिविर में श्रम आयुक्त सुश्री शीतला पटले एवं उप श्रम आयुक्त सुश्री मेघना भट्ट ने उपस्थित निर्माण श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, उनके लाभ तथा पात्रता संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। अधिकारियों ने श्रमिकों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक पंजीयन कराने तथा निर्धारित पात्रता के अनुसार योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान निर्माण स्थल पर कार्यरत श्रमिकों का डिजिटल लेबर चौक ऐप पर पंजीयन कराया गया। साथ ही श्रमिकों को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के अंतर्गत पंजीयन कराने के लिए निर्देशित किया गया। अधिकारियों ने श्रमिकों को योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा संबंधी सुविधाओं की जानकारी देते हुए इनका अधिकतम लाभ लेने के लिए जागरूक किया।

श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के हितों के संरक्षण, कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा पात्र श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता एवं पंजीयन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से श्रमिकों को शासन की योजनाओं से जोड़ने और उनके सामाजिक एवं आर्थिक भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।