भारत सरकार के निर्देशानुसार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज इंदौर में डिस्ट्रिक्ट बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान ( District Business Reform Action Plan) संबंधित कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन एमपीआईडीसी ( MPIDC), भोपाल मुख्यालय के माध्यम से किया गया। कार्यशाला कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।

कार्यशाला में बताया गया कि भारत सरकार के DPIIT द्वारा निर्धारित बिजनेस रिफॉर्म्स को मध्यप्रदेश में प्रभावी रूप से लागू किया जाना है। इसके अंतर्गत जिले में 28 विभागों से संबंधित कुल 222 रिफॉर्म्स का क्रियान्वयन किया जाना है। एमपीआईडीसी भोपाल के श्री पुनीत जैन ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में व्यवसाय शुरू करने और उसका विस्तार करने वाले उद्यमियों को विभिन्न शासकीय सेवाएं को निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना है। व्यवसाय शुरू करने के लिए उद्यमियों को विभिन्न विभागों से सेवाएं, अनुमतियां एवं एनओसी प्राप्त करनी होती हैं। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इन सेवाओं के लिए किए गए आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण हो तथा आवश्यक निरीक्षण भी निर्धारित समय पर पूर्ण किए जाएं।

कार्यशाला में सभी संबंधित सेवाओं को अधिक से अधिक ऑनलाइन करने, समयबद्ध निरीक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उद्यमियों को आवश्यक हैंड होल्डिंग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को इस दिशा में प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाने के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यशाला में बताया गया कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के इन सुधारों का व्यापक उद्देश्य मध्यप्रदेश में व्यवसाय एवं निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना, अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करना, नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित करना तथा रोजगार के अवसर बढ़ाना है। इससे प्रदेश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है। कार्यशाला में एमपीआईडीसी के श्री अतुल उनीयाल ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी। कार्यशाला में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के महाप्रबंधक श्री स्वप्निल गर्ग, सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी, उपसंचालक कृषि श्री संदीप यादव सहित शिक्षा, परिवहन, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।