सेवा मेरा योगदान अभियान (सेवा संकल्प अभियान- 2026) के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा इंदौर में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार अभियान के तहत वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों के हित में निर्धारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के अंतर्गत 4 अक्टूबर 2026 को वृद्धाश्रम में फल, औषधि, वस्त्र आदि आवश्यक सामग्री का वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर तथा सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवी संस्थाओं का सम्मान किया जाएगा। यह कार्यक्रम निराश्रित सेवा आश्रम, पितृ पर्वत, हातोद रोड, गांधी नगर, इंदौर में दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा हेल्थ कैंप भी लगाया जाएगा।

इसी क्रम में 8 अक्टूबर 2026 को दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम कलेक्टर कार्यालय स्थित कक्ष क्रमांक 210 ऑडिटोरियम में प्रातः 11 बजे से होगा। इसमें दिव्यांगजनों को विकास, स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसरों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

अभियान के तहत दिव्यांग बच्चों के लिए कैरियर काउंसिलिंग सहित अन्य आवश्यक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर दिव्यांगजनों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं रोजगार संबंधी अवसरों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही दिव्यांगजनों के लिए कार्यरत संस्थाओं के माध्यम से दिव्यांग बच्चों एवं शिक्षक-प्रशिक्षकों को भी कार्यक्रम में सम्मिलित किया जाएगा।