वनग्राम पटकुही में वन अधिकार एवं जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहपुरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री ओमप्रकाश धुर्वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा वन अधिकार अधिनियम के तहत मिलने वाले अधिकारों, पात्रता एवं दावा प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के संबंध में विभागीय अधिकारियों से जानकारी दिलाई।
शिविर में फौती नामांतरण, वन अधिकार दावों के निराकरण, नवीन दावे प्रस्तुत करने की प्रक्रिया तथा वन अधिकार से संबंधित अभिलेखों एवं दस्तावेजों की समस्याओं पर चर्चा की गई। विधायक श्री धुर्वे ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का नियमानुसार निराकरण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को उनके अधिकारों का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। शिविर का उद्देश्य वनग्राम के निवासियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, वन अधिकार संबंधी लंबित प्रकरणों के निराकरण में सहायता करना तथा शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा। विधायक श्री धुर्वे ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं एवं वन अधिकारों से जुड़े मामलों के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में वन विभाग की ओर से उपवन मंडल अधिकारी शहपुरा एवं परिक्षेत्र अधिकारी शहपुरा, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री सुशील राय, ग्राम पंचायत घुसिया के सरपंच श्री भारत सिंह पट्टा, श्री राजेश परस्ते, श्री आनंद सिंह मालवे सहित वनग्राम पटकुही के बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।