मध्यप्रदेश शासन ने होमगार्ड सैनिकों के हित में महत्वपूर्ण एवं कल्याणकारी निर्णय लेते हुए सिंहस्थ-2016 भर्ती के उपरांत वर्ष 2018 की विशेष भर्ती के माध्यम से नामांकित 2,790 होमगार्ड सैनिकों को प्रथम नामांकित जिले में पदस्थापना प्राप्त करने के लिए एक बार की विशेष छूट प्रदान की है। राज्य शासन के इस निर्णय से लंबे समय से अपने गृह एवं प्रथम नामांकित जिले से दूर अन्य जिलों में सेवाएं दे रहे होमगार्ड सैनिकों को बड़ी राहत मिलेगी। दीवाली के अवसर पर लिया गया यह निर्णय सैनिकों और उनके परिवारों के लिए विशेष सौगात है।

इस संबंध में डीजी होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा श्रीमती प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम नामांकित जिले में पद रिक्त नहीं होने के कारण संबंधित होमगार्ड सैनिकों को उस समय अन्य जिलों में पदस्थ किया गया था। अब राज्य शासन ने होमगार्ड जिला इकाइयों में वर्तमान पद रिक्तियों को दृष्टिगत रखते हुए मध्यप्रदेश होमगार्ड नियम, 2016 के प्रावधानों में एक बार के लिए विशेष छूट प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत पात्र होमगार्ड सैनिक निर्धारित समय-सीमा में ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर प्रथम नामांकित जिले में पदस्थापना के लिए अनुरोध कर सकेंगे। पदों की उपलब्धता के आधार पर नियमानुसार पदस्थापना परिवर्तन की कार्यवाही की जाएगी।

श्रीमती श्रीवास्तव ने बताया कि इस निर्णय से लंबे समय से अपने परिवार से दूर रहकर कर्तव्य निर्वहन कर रहे होमगार्ड सैनिकों को अपने गृह जिले में सेवाएं देने का अवसर मिलेगा। इससे उनके पारिवारिक दायित्वों के निर्वहन में सुविधा होगी और सेवा के प्रति उनका उत्साह एवं मनोबल भी बढ़ेगा।

राज्य शासन के इस कल्याणकारी निर्णय पर होमगार्ड संगठन एवं सैनिकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा मध्यप्रदेश शासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। सैनिकों ने कहा कि दिवाली के अवसर पर मिला यह निर्णय उनके और उनके परिवारों के लिए बड़ी खुशी का विषय है।