मध्यप्रदेश के आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण और सरकारी सेवाओं के साथ सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने के लिए ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान आयोजित किया जाएगा। प्रदेश के सभी 97,882 केंद्रों पर 26 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 के बीच तीन दिवसीय कार्यक्रम रखे जाएंगे।

महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को अभियान की तैयारियों के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार करने को कहा।

स्वास्थ्य जांच से पोषण संवाद तक

पहले दिन बाल स्वास्थ्य और आनंदमयी गतिविधियों पर ध्यान रहेगा। केंद्रों पर वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, तीन से छह वर्ष के बच्चों की गतिविधियां, संदेश वाचन और डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन प्रस्तावित है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।

छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों की माताओं, गर्भवती और धात्री महिलाओं सहित अन्य महिला हितग्राहियों से संवाद होगा। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से परीक्षण और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। पोषण संवाद में संतुलित आहार, एनीमिया, स्तनपान, गर्भावस्था और प्रसवोत्तर देखभाल जैसे विषय शामिल होंगे।

लाभार्थी बताएंगे योजनाओं से आए बदलाव

दूसरे दिन ‘मेरी कहानी, मेरी सफलता’ थीम पर लाभार्थी संवाद होंगे। महिलाओं और परिवारों को योजनाओं से जीवन में आए बदलाव साझा करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान मातृ वंदना, लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना, टेक होम राशन, गर्म पका भोजन और अन्य पोषण सेवाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी।

हर केंद्र पर कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो तैयार करने के साथ कम से कम एक सफलता की कहानी का वीडियो बनाने के निर्देश हैं। इनमें महिला-बाल कल्याण योजनाओं, पोषण सेवाओं और कुपोषण से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों से जुड़े अनुभव शामिल किए जा सकेंगे।

हर दिन राज्य स्तर पर पहुंचेगी प्रगति रिपोर्ट

जिलों को अभियान की प्रगति, प्रमुख उपलब्धियों और चुने हुए फोटो-वीडियो की जानकारी प्रतिदिन शाम चार बजे तक राज्य स्तर पर भेजनी होगी। कार्यक्रमों की गुणवत्ता, निर्धारित प्रक्रिया के पालन और दस्तावेजीकरण की निगरानी जिला स्तर पर की जाएगी। जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग से समन्वय भी होगा।

सेवा संकल्प अभियान की अगली कड़ी में 9 और 10 अक्टूबर को भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और आलीराजपुर में ‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’ आयोजन प्रस्तावित है। इन शहरों के बड़े मैदानों पर जनभागीदारी से मानव रंगोली बनाई जाएगी।