भोपाल के पांच संस्थानों में युवाओं ने नशामुक्त जीवन अपनाने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया। माय भारत भोपाल ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के तहत ये कार्यक्रम आयोजित किए।
“नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” राष्ट्रीय संकल्प समारोह का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना था। इसके साथ ही स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित किया गया।
कॉलेज से हॉकी स्टेडियम तक आयोजन
कार्यक्रम शासकीय नवीन महाविद्यालय की एमएसडब्ल्यू कक्षाओं—जन अभियान परिषद, रविशंकर कॉलेज ऑफ फार्मेसी, शासकीय यूथ हॉस्टल टीटी नगर, सीआरसी हॉकी स्टेडियम और मनोहर कंप्यूटर इंस्टीट्यूट बैरसिया में हुए। इनमें युवाओं ने नशे से स्वयं दूर रहने और समाज तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का संकल्प जताया।
हस्ताक्षर और नारों से दिया संदेश
आयोजन स्थलों पर संकल्प हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने व्यसनमुक्त जीवन के समर्थन में हस्ताक्षर किए। नशामुक्त भारत की अवधारणा पर नारा लेखन और संकल्प चक्र जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी हुईं।
गतिविधियों के माध्यम से नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। युवाओं और उपस्थित नागरिकों को किसी भी प्रकार के नशीले या मादक पदार्थ का सेवन नहीं करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
परिवार और मित्रों को भी करेंगे जागरूक
प्रतिभागियों ने अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को नशे के नुकसान के बारे में जागरूक करने की प्रतिज्ञा ली। उन्होंने सकारात्मक और नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा समाज के अलग-अलग वर्गों तक नशामुक्त जीवन का संदेश पहुंचाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
